प्रेम अगर इंसान का सबसे बड़ा धर्म है तो समझिए कि आज से प्रेम धर्मावलंबियों का भागवत सप्ताह प्रारम्भ हो रहा है।
आज रोज़ डे है...कल प्रपोज डे रहेगा फिर चॉकलेट डे फिर टेडी डे (सीक्वेंस ऊंच नीच हो सकती है पर मेरा विश्वास है कि प्रेम करने वाले भावनाओ को समझते है नाकि तथ्यों की बारीकी में जाते है)...
आज के दिन प्रेम-धर्म के लोग रेड रोज़ खरीद के रब को चढ़ाते हुए तुझमे रब दिखता है नामक पॉपुलर आरती गाते है। आज के दिन ये भक्तगण रोज़ खरीदने यूँ निकलते है जैसे आज या तो वॉलेट रहेगा या उनकी आशिकी...आज रेड रोज़ खरीदने की बड़ी महिमा है। आज सामान्य परिस्थितियों में हर आशिक द्वारा हर कीमत पर रोज़ ख़रीदा जाता है आखिर रोज़ डे रोज़ रोज़ तो आता नही। आज के दिन हर आशिक अपनी क्षमता और श्रद्धा के अनुसार 11, 21, 51,101 या 501 रोज़ वाला बुके गिफ्ट करने का व्रत रखता है।
समर्पित श्रद्धावनत आशिक जो इन सारे डेज़ को पूरी श्रद्धा से मनाते है वो बुकिश प्यार करते है जैसे राहुल द्रविड़ बुकिश शॉट खेलते थे मने इस खेल में आउट होने के बहुत कम आसार।
वैसे वेलेंटाइन वीक आशिको के लिए एक कसौटी है।
इस साप्ताहिक उत्सव के बाद सिंसियर आशिक परिपक्व हो जाता है। आशिकी जिंदगी के बड़े बड़े सबक सिखा जाती हैं । आशिकी मल्टीटास्किंग (रोज़ खरीदते हुए, पास की दुकान पे टंगे टेडी बेयर को सलेक्ट करना, कल किए जाने वाली प्रपोज की टेक्निक पर बैकग्राउंड में मंथन करना) सिखाती है। आशिक़ी टाइम मैनेजमेंट सिखाती है। आशिकी रोज़ डे और टेडी डे के माध्यम से वनस्पति और प्राणियों के प्रति संवेदनशील होने का मैसेज देती है। प्रेम मनुष्य को इंसानियत सिखाता है। प्रेम ही वजह है की इंसान शोर से संगीत को अलग कर के महसूस कर पाता है।
आज के किशोरों जिन्हें लगता है कि रोज़ डे उनके युग की देन है उन्हें ख्याल रहे प्रेम की तरह रोज़ डे भी शास्वत है जो संत श्री वेलेंटाइन के जन्म के पूर्व से ही मनाया जाता है। कालांतर में अप्सराओं के जुड़े में लगा गजरा भी रोज़ था...फूल तुम्हे भेजा है ख़त में गाने में नायिका द्वारा अंतर्देशी पत्रकार्ड में भेजा फूल भी रोज़ ही था। "फिर छिड़ी रात बात फूलों की" में शायर मखदूम की कल्पनाओं की वो महकती गजल में जो ख़ुशबू थी वो रोज की थी।
यद्धपि में रोज़ डे मनाने वाले धर्म से बिलोंग नही करता तथापि प्रेम को ईश्वर की सर्वोपरी भक्ति मानते हुए इसके प्रतीक रूप रोज को भेज, रोज़ डे की वर्चुअल शुभकामनाएं ज्ञापित कर रहा हूँ।
🌹 जय हो।
रोज़ का फूल, रोज़ का हार
बकर करने को रोज़ बेक़रार ...
कपिल पंड्या
#roseday #ValentinesDay2023
